रांची: झारखंड सरकार के राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय ने बाजार में बिक रहे कुछ खांसी सिरप में डायएथिलीन ग्लायकोल(डीईजी) पाए जाने की पुष्टि की है. डायइथिलीन ग्लायकोल की मात्रा निर्धारित 0.01 फीसदी सीमा से अधिक पाई गई है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानी जाती है.इससे किडनी फेल होने की संभावना रहती है.निदेशालय की रिपोर्ट के अनुसार तीन कंपनियों की दवाओं में अशुद्धियां पाई गई हैं. (नीचे भी पढ़े)
इनमें कोल्डरिफ पारासिटामोल, फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड,, क्लोरफेनिरामाइन मैलिएट सिरप जिसका निर्माण स्रीसान फार्मास्यूटिकल्स, कांचीपुरम द्वारा किया गया है. दूसरी दवा रेस्पीफ्रेश टीआर ब्रोमहेक्सिन हाइड्रोक्लोराइड,, टरबुटालाइन सल्फेट, गुआइफेनेसिन और मेन्थॉल सिरप जिसे रेडनेक्स फार्मास्यूटिकल्स, अहमदाबाद ने बनाया है. तीसरी दवा रिलाइफ एम्ब्रोक्सोल एचसीएल, गुआइफेनेसिन टेरबुटालाइन सल्फेट और मेन्थॉल सिरप है जिसका निर्माण शेप फार्मा, गुजरात द्वारा किया गया है. राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इन दवाओं का क्रय, बिक्री और उपयोग तुरंत बंद किया जाए. साथ ही सभी औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.मध्यप्रदेश राज्य प्रयोगशाला की जांच में डीईजी की खतरनाक मात्रा सामने आई थी. खबरों के अनुसार मध्यप्रदेश और राजस्थान में इन दवाओं के उपयोग से बच्चों की मृत्यु की सूचना भी प्राप्त हुई है.झारखंड सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए लोगों से अपील की है कि इन कंपनियों द्वारा निर्मित सिरप का उपयोग न करें और संदिग्ध दवा की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं.














