
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत गौस नगर निवासी आसमा परवीन (उम्र लगभग 28 वर्ष) बीते 4 अक्टूबर की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. चार दिन गुजर जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिवारजन गहरी चिंता में हैं. आसमा परवीन के पति अब्दुल रहमान ने बताया कि घटना वाली रात वह लगभग 8 बजे घर पहुंचे थे. घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी आसमा और बेटी के साथ रात का खाना खाया. इसके बाद करीब 9 बजे वह अपनी बेटी के साथ सोने के लिए चले गए. रात करीब 2 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी घर पर नहीं है. उन्होंने पहले घर और आसपास के इलाकों में पत्नी की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. ( नीचे देखें पूरी खबर)

सुबह होते-होते मोहल्लेवालों की मदद से आसमा की तलाश की गई, मगर उनका कुछ पता नहीं चला. थक-हारकर आसमा परवीन के पिता मोहम्मद नईम अंसारी कपाली ओपी पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ओपी प्रभारी ने बताया कि आसमा की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के घरों में पूछताछ की जा रही है. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाल रही है ताकि किसी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके. परिजनों का कहना है कि आसमा परवीन का किसी से विवाद नहीं था और न ही उनके व्यवहार में कोई तनाव या असामान्यता देखी गई थी. परिवारजन ने पुलिस से जल्द से जल्द आसमा की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में महिलाओं के लापता होने की यह पहली घटना नहीं है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हर कोण से जांच की जा रही है और जल्द ही महिला को ढूंढ़ निकाला जाएगा.














