जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्वर्ण व्यवसायी शंकर जाना (60) की दिनदहाड़े हुई हत्या और 15 किलो सोने की लूट मामले में बंगाल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. बरानगर थाना क्षेत्र स्थित शंभुनाथ दास लेन में हुए इस सनसनीखेज कांड के दो मुख्य आरोपी जमशेदपुर से गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन मंडल और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. दोनों को सीतारामडेरा थाना पुलिस की मदद से संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया. इसके बाद बंगाल पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ लेकर कोलकाता रवाना हो गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. इससे पहले, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के खुफिया विभाग और बरानगर थाने की टीम ने 48 घंटे के भीतर ही दो अन्य आरोपियोंसंजय माइती (हुगली निवासी) और सुरजीत सिकदर (नारकेलडांगा निवासी) को गिरफ्तार किया था. ( नीचे देखें पूरी खबर )

शुरुआती पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वारदात के बाद लूट का एक हिस्सा जमशेदपुर भेजा गया था. इसी कड़ी में पुलिस ने सीतारामडेरा इलाके में छापेमारी की, जहां से चंदन और प्रिंस पकड़े गए. सूत्रों का कहना है कि यह गिरोह सोने की बड़ी खेप पर निगाह रखे हुए था और पहले से ही योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया. शंकर जाना की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस अब तक बरामद सोने की मात्रा और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. मालूम हो कि शंभुनाथ दास लेन इलाके में दिनदहाड़े ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी शंकर जाना की दुकान में घुसकर लूटपाट कर उनकी हत्या कर फरार हो गये. बाद में सोने की दुकान से व्यवसायी का हाथ-पैर बंधा शव बरामद किया गया. बदमाशों ने हमले व लूट से पहले दुकान के मालिक शंकर जाना की आंख में लाल मिर्च पाउडर फेंके थे. फिर दुकान के सीसीटीवी बंद कर शंकर जाना की हत्या के बाद गहने लूट कर फरार हो गये थे.














