नयी दिल्ली/ रांची : सुप्रीम कोर्ट से सारंडा को सेंक्चुअरी घोषित करने के मामले में राज्य सरकार को राहत मिली है. कोर्ट ने 31468.25 हेक्टेयर को घोषित करने की अनुमति दे दी है. साथ ही सेल और वैध माइनिंग लीज को सेंक्चुअरी के प्रभाव क्षेत्र से मुक्त रखने का आदेश दिया है. वहीं एक सप्ताह के अंदर कोर्ट में इससे संबंधित शपथ पत्र दायर करने को कहा है. मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और न्यायाधीश के विनोद चंद्रन ने उक्त आदेश दिया है. सारंडा मामले पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने एनजीटी द्वारा दिये गये आदेश के मुकाबले क्षेत्रफल में वृद्धि का कारण जानना चाहा. राज्य सरकार की ओर से कपिल सिब्बल ने इसका जवाब देते हुए डब्ल्यूआईआई द्वारा भेजे गये जवाब और मैप का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि डब्ल्यूआईआई ने अध्ययन कर रिपोर्ट देने के लिए पहले आठ साल का समय मांगा और इस पर तीन करोड़ रुपये का खर्च बताया इसके बाद डब्ल्यूआईआई ने एक मैप भेजा. इसमें 5519.41 हेक्टेयर को सेंक्चुअरी घोषित करने पर विचार करने का प्रस्ताव दिया था. (नीचे भी पढ़े)
इस प्रस्ताव से संबंधित फाइल डीएफओ के स्तर से होते हुआ पीसीसीएफ तक पहुंची. इस पर सरकार की सहमति नहीं थी. वन सचिव ने इसी प्रस्ताव की जानकारी शपथ पत्र के माध्यम से दी थी.सरकार को एनजीटी के दिशा निर्देश के आलोक में 31468.25 हेक्टेयर को सेंक्चुअरी घोषित करने में कोई आपत्ति नहीं है. इसलिए न्यायालय सरकार को 31468.25 हेक्टेयर को सेंक्चुअरी घोषित करने की अनुमति दे. साथ ही इससे खनन प्रभावित ना हो, इसका आकलन कर 31468.25 को चिह्नित करने की अनुमति दे.एमिकस क्यूरी ने क्षेत्रफल चिह्नित करने के अनुरोध का विरोध किया. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से शपथ पत्र दायर कर यह स्वीकार किया जा चुका है कि 31468.25 हेक्टेयर चिह्नित किया जा चुका है. इसमें 126 कंपार्टमेंट है. इस क्षेत्र में कही भी माइनिंग का काम नहीं हो रहा है. इसलिए सरकार को फिर से चिह्नित करने का समय नहीं दिया जाना चाहिए. (नीचे भी पढ़े)
न्यायालय ने राज्य सरकार, सेल, और एमिकस क्यूरी की दलील सुनने के बाद 31468.25 हेक्टेयर को सेंक्चुअरी घोषित करने की अनुमति दी. इस बीच सेल द्वारा न्यायालय से यह अनुरोध किया गया कि न्यायालय इस बात का ध्यान रखने की अनुमति दे कि सेंक्चुरी घोषित करने से सेल का माइनिंग प्रभावित ना हो. क्योंकि सेंक्चुअरी के एक किलोमीटर के बाहर तक माइनिंग प्रतिबंधित रहता है.न्यायालय ने स्टील उत्पादन और सेल द्वारा राष्ट्रीय महत्व की चीजों में स्टील की आपूर्ति करने के महत्व को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश दिया कि सेंक्चुअरी घोषित करने के दौरान सेल और वैध माइनिंग प्रभावित नहीं हो इसका ध्यान रखे. न्यायालय ने राज्य के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने से भी मुक्त कर दिया. वह आज न्यायालय में उपस्थित थे.














