जमशेदपुर : झारखंड के घाटशिला (अजजा) विधानसभा उप निर्वाचन-2025 के स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपादन के मद्देनज़र जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को अपने अनुज्ञप्ति में अंकित शस्त्र को संबंधित थाना में दिनांक 15 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से जमा कराने का निर्देश दिया गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई निर्वाचन अवधि में कानून-व्यवस्था बनाये रखने एवं किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचाव हेतु की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिन अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा निर्धारित तिथि तक शस्त्र जमा नहीं कराए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियम संगत कार्रवाई की जाएगी. जमा किये गये शस्त्र की पावती रसीद जिला सामान्य शाखा में उपलब्ध कराना अनुज्ञप्तिधारियों के लिए आवश्यक होगा. दूसरी ओर, प्रिन्टिंग प्रेस मालिकों एवं राजनीतिक दलों के लिए सूचना और गाइडलाइन जारी किया गया है. पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी छोटे-बड़े प्रिन्टिंग प्रेस मालिकों को सूचित किया जाता है कि 45- घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का उप चुनाव, 2025 की घोषणा की गई है, घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127 क में उल्लेखित है कि पुस्तिकाओं, पोस्टरों आदि के मुद्रण पर निर्बन्धन कोई भी व्यक्ति कोई ऐसी निर्वाचन पुस्तिका या पोस्टर जिसके मुख्य पृष्ठ पर उसके मुद्रक और प्रकाशक के नाम और पत्ते न हों मुद्रित या प्रकाशित न करेगा और न मुद्रित या प्रकाशित कराएगा. (नीचे भी पढ़े)
कोई भी व्यक्ति किसी निर्वाचन पुस्तिका या पोस्टर को, उस दशा में के सिवाय न तो मुद्रित करेगा, और न मुद्रित कराएगा जिसमें वह उसके प्रकाशक की अनन्यता के बारे में अपने द्वारा हस्ताक्षरित और ऐसे दो व्यक्तियों द्वारा जो उसे स्वयं जानते हैं अनुप्रमाणित द्विप्रतीक घोषणा मुद्रक को परिदत्त कर देता है; तथा(ख) उस दशा में के सिवाय न तो मुद्रित करेगा और न मुद्रित कराएगा जिसमें कि मुद्रक घोषणा की एक प्रति दस्तावेज की एक प्रति के सहित उस दशा में जिसमें कि वह राज्य की राजधानी में मुद्रित की जाती है, मुख्य निर्वाचन आफिसर को, तथा किसी अन्य दशा में उस जिले के जिसमें कि यह मुद्रित की जाती है जिला मजिस्ट्रेट को दस्तावेज के मुद्रण के पश्वात् युक्तियुक्त समय के भीतर भेज देता है. इस धारा के प्रयोजनों के लिए दस्तावेज की अनेकानेक प्रतियां बनाने की किसी ऐसी प्रक्रिया की बाबत जो हाथ से नकल करके ऐसी प्रत्तियां बनाने से भिन्न है, यह समझा जाएगा कि यह मुद्रण है, और “मुद्रक” पद का अर्थ तदनुसार लगाया जाएगा तथा निर्वाचन पुस्तिका या पोस्टर से किसी अभ्यर्थी या अभ्यर्थियों के समूह के निर्वाचन को सम्प्रवर्तित या प्रतिकूलतः प्रभावित करने के प्रयोजन के लिए वितरित कोई मुद्रित पुस्तिका, पर्चा या अन्य दस्तावेज या निर्वाचन के प्रति निर्देश करने वाला कोई प्लेकार्ड या पोस्टर अभिप्रेत है, किन्तु किसी निर्वाचन सभा की तारीख, समय, स्थान और अन्य विशिष्टयों को केवल आख्यापित करने वाला या निर्वाचन अभिकर्ताओं या कार्यकर्ताओं को चर्या संबंधी अनुदेश देने वाला कोई पर्चा, प्लेकार्ड या पोस्टर इसके अन्तर्गत नहीं आता. ऐसे कहीं और नियम जारी किए गए हैं जिसका अनुपालन नहीं करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.













