जमशेदपुर : स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में ड्रग विभाग की टीम एक्शन मोड में आ गई है. संदिग्ध दवाओं और कफ-सिरप की जांच के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. बीते 48 घंटे में जिले से कुल 13 दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. वहीं बुधवार को टीम ने मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल, साकची और बागबेड़ा क्षेत्र में छापामारी कर आठ दवाइयों के सैंपल जब्त कि. (नीचे भी पढ़ें)
ड्रग इंस्पेक्टर सोनी बारा के नेतृत्व में टीम सुबह 10 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंची और करीब छह घंटे तक जांच अभियान चलाया. इस दौरान अस्पताल परिसर स्थित दवा केंद्र और स्टोर में रखी दवाओं, सिरप और इंजेक्शन के भंडारण, वैक्सीन के तापमान नियंत्रण व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई. टीम ने अस्पताल से चार दवाइयों के सैंपल लिए जिनमें आयरन की दवा, पारासिटामोल-500 एमजी, एलोप्यूरिनाल-100 एमजी और एलोप्यूरिनाल-300 एमजी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच, ड्रग इंस्पेक्टर अबरार आलम के नेतृत्व में दूसरी टीम ने साकची और बागबेड़ा क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स में छापामारी की. वहां से चार कफ-सिरप के सैंपल जब्त किए गए, जिनकी जांच राज्य प्रयोगशाला में कराई जाएगी. ड्रग विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में दवाओं की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी जारी रहेगी. आम लोगों से अपील की गई है कि वे बिना चिकित्सक की सलाह के कोई दवा या सिरप का सेवन न करें और बच्चों के लिए दवा खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें. विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.














