रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के आसनतलिया के मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय के नृत्य दल शिवानी बानरा, दीया महतो, सुजाता गोप, एवं रश्मिता कच्छप ने पश्चिम सिंहभूम जिला का प्रतिनिधित्व करते हुए झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद् रांची द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कला उत्सव 2025 – 26 में समूह समकालीन नृत्य अन्तर्गत लोकनृत्य/ आदिवासी नृत्य श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला को गौरवांवित किया है. यह नृत्य मंडली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी. ज्ञात हो कि राज्य स्तरीय कला उत्सव 2025 – 26 का आयोजन जेसीईआरटी रातू, रांची में आयोजित किया गया था जिसमें झारखंड के 17 जिलों के विभिन्न विद्यालयों के 17 चयनित नृत्य दलों ने भाग लिया, जिसमें मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया, चक्रधरपुर की नृत्य मंडली ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की है. विद्यालय लौटने पर विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए सम्मानित भी किया. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत तिवारी ने नृत्य दल एवं नृत्य शिक्षक विकास कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल विद्यालय की ही जीत नहीं है, बल्कि पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिला की जीत है. दल को तैयारी करने के लिए ज्यादा वक्त नहीं मिला फिर भी उन्होंने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिला को गौरवांवित किया. इन बालिकाओं ने कड़ी मेहनत कर यह मुकाम हासिल की है. उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए दल को शुभकामनाएं दी. विद्यालय की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन लक्ष्मण महतो, निदेशकद्वय बलराज कुमार हिंदवार एवं नृपेन्द्र कुमार महतो, उप – प्राचार्य बसंत कुमार महतो एवं विद्यालय के सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी. विद्यालय के नृत्य शिक्षक विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बतलाया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व रांची में 15 दिनों का वर्कशॉप आयोजित होना है. इससे पूर्व इस नृत्य मंडली ने जिला में आयोजित जिला- स्तरीय कला उत्सव 2025 – 26 में प्रथम स्थान प्राप्त कर पश्चिमी सिंहभूम जिला का प्रतिनिधित्व करने का सुअवसर प्राप्त किया था.



