जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 स्थित खरकई नदी किनारे छापेमारी कर दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नदी किनारे बैठकर किसी गंभीर वारदात की योजना बना रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5, जयप्रकाश नगर निवासी रघुनाथ मछुआ और आशीष मछुआ के रूप में की गई.जानकारी के अनुसार, कदमा पुलिस टीम ने रात करीब 9:45 बजे जब छापेमारी की तो पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ा. तलाशी के दौरान रघुनाथ मछुआ के पास से एक अवैध देशी कट्टा, जबकि आशीष मछुआ के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. कदमा थाना के एसआई पिंकू कुमार के बयान पर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी किसी गिरोह से जुड़े हैं या किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद और भी नाम सामने आने की संभावना है.



