सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के जोधा ब्रिज के पास गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चैनपुर गांव निवासी रवि सिंह सरदार (19) गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, रवि किसी काम से घर से निकला था, तभी जोधा ब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत चांडिल थाना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल रवि को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया. शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. रवि के असमय निधन से गांव में शोक की लहर फैल गयी है. पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.











