बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच 49 पर माटिहाना फ्लाईओवर के समीप मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना टाटा से गोपीबल्लापुर जा रही संकरी बस और कोलकाता से टाटा की ओर आ रही मारुति स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बस का अगला भाग भी बुरी तरह टूट गया. घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार में सवार कोलकाता (दमदम, नागेर बाजार) निवासी नील मंडल (45), उनकी पत्नी सुषमा मंडल (42), पुत्र सूरज मंडल (11) तथा उनके साथ यात्रा कर रही सुजाता विश्वास (42) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं बस में सवार पश्चिम बंगाल के मैचोग्राम गांव निवासी अनिल गायेन (45) भी चोटिल हुए. डॉक्टरों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए झाड़ग्राम जिला अस्पताल रेफर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्विफ्ट कार का आगे का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा की लेन में घुस गया और सामने से आ रही बस से सीधी टक्कर हो गयी. हादसे के बाद दोनों वाहनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बहरागोड़ा पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.











