जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची बाजार स्थित प्रतिष्ठित बीणापानी ज्वेलर्स में सोमवार की शाम एक शातिर चोर ने ग्राहक बनकर डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद प्रतिष्ठान के स्वामी राजू बर्मन ने तत्काल इसकी जानकारी साकची थाना पुलिस को देकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की पहल की. जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक व्यक्ति ग्राहक बनकर बीणापानी ज्वेलर्स की दुकान में आया. उसने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा. चेन देखते हुए वह बार-बार अलग-अलग डिजाइन की मांग करता रहा और बातचीत के दौरान दुकानदार को रुपये दिखाकर यह भरोसा दिलाने की कोशिश करता रहा कि वह चेन खरीदने ही आया है. इसी बीच मौका पाकर उसने एक चेन चुपके से जेब में डाल ली और यह कहते हुए कि अभी पैसे निकाल कर लाता हूं दुकान से बाहर निकल गया. जब काफी देर तक वह लौटा नहीं, तब दुकानदार को शक हुआ और चेन की गिनती करने पर चोरी का पता चला. (नीचे भी पढ़ें)
राजू बर्मन ने तुरंत पूरी घटना बताई. विकास सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साकची थाना प्रभारी को सूचना दी. इसके बाद राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के अध्यक्ष रंजीत बर्मन अपने समिति के सदस्यों के साथ साकची थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं जिसमें आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिख रहा है. फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान कर रही है. साकची थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा. स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना की निंदा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.














