जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था में सुधार हेतु मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने करीब चार घंटे तक गहन निरीक्षण किया. सुबह 9.20 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी, वार्ड, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक और अन्य विभागों की स्थिति का जायजा लिया. इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की भीड़ और बेड की कमी देखकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई तथा निर्देश दिया कि बेड बढ़ाए जाएं और मरीजों को शीघ्र वार्ड में शिफ्ट किया जाए. उन्होंने वार्ड में 24 घंटे चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. विभागाध्यक्षों के साथ बैठक में दवाओं की कमी प्रमुख मुद्दा रही. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मरीज को 100 प्रतिशत दवा मिलनी चाहिए, किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि अस्पताल में सेंट्रल पैथोलॉजी की स्थापना की जाएगी, जिससे सभी प्रकार की जांचें एक ही छत के नीचे होंगी और मरीजों को निजी लैब पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र आरंभ करने का आदेश दिया गया. उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को मिले 5-5 लाख रुपये की राशि 15 दिनों में उपयोग करने और पुन समीक्षा बैठक की तैयारी करने को कहा। आपरेशन में देरी पर असंतोष जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक चिकित्सक के आपरेशन का दैनिक रिकॉर्ड रखा जाए और लापरवाही पर कार्रवाई हो. उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट और ब्लड बैंक में सुधार के भी निर्देश दिए तथा एक समर्पित वाहन खरीदने की बात कही. उपायुक्त ने कहा कि एमजीएम अस्पताल पूरे कोल्हान की जीवन रेखा है, इसलिए यहां की हर व्यवस्था पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए.














