चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम की चाईबासा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. बीते 14 अक्टूबर को गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा में व्यवसायी अनिल चौरसिया के घर हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले के मास्टर माइंड संजीव मिश्रा सहित कुल पांच पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. 14 अक्टूबर को देर रात लगभग 12:00 बजे अज्ञात अपराधियों ने बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान के पास स्थित अनिल चौरसिया के घर में पिस्टल दिखाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था. अपराधी घर से लगभग 2.5 लाख रुपये नगद, एक सोने का चेन और एक सोने का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. इस दल में बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, गुवा थाना प्रभारी नितेश कुमार, तकनीकी शाखा और आरक्षी शामिल थे. (नीचे भी पढे़ं)

टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पांचों अपराधियों को विभिन्न जगहों से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार लोगों में जमशेदपुर के दो अपराधी, सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर का अपराधी और चाईबासा का अपराधी शामिल है. डकैती कांड का मास्टर माइंड जमशेदपुर के बागबेड़ा रेलवए हाई स्कूल के पास गांधीनगर का रहने वाला संजीव मिश्रा है. पुलिस के अनुसार, संजीव मिश्रा ने ही गैंग बनाकर रेकी की और घटना को अंजाम दिया. संजीव मिश्रा का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर जमशेदपुर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार लोगों में जमशेपुर के बर्मामाइंस रघुवरनगर का रहने वाला दीपक महतो, सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर मांझीटोला का रहने वाला राजकुमार बैश्नो, आदित्यपुर बस्ती दुर्गा पूजा मैदान के बगल में जे रोड का रहने वाला पिंटू कुमार बारीक, पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान का रहने वाला रामाशंकर गुप्ता शामिल है. उनके पास से एक पिस्तौल, 20 हजार रुपये, दो चार पहिया वाहन, एक चाईनीज सीढ़ी, सात मोबाइल फोन बरामद किया गया है. मास्टर माइंड संजीव मिश्रा के खिलाफ जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना में एक, परसुडीह में दो, जुगसलाई में एक, चाकुलिया में दो डकैती के कांड दर्ज पहले से है और वह जेल से ही छूटा है.















