जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 14 स्थित फजल कॉलोनी में इन दिनों कचरे का अंबार लगा हुआ है. इलाके की गलियों में हर तरफ गंदगी फैली हुई है, जिससे स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है. बदबू और मच्छरों के प्रकोप से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार मानगो नगर निगम से कचरा हटाने की शिकायत की है. रजिस्टर में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. मोहल्ले के बुजुर्ग रहमत अली ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी सिर्फ कागज पर सफाई दिखाते हैं, जमीन पर कोई काम नहीं होता वहीं, बुजुर्ग नमाज पढ़ने के लिए जब मस्जिद जाते हैं तो गंदगी और दुर्गंध से उन्हें काफी तकलीफ होती है. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का आरोप है कि मानगो नगर निगम सिर्फ वीआईपी इलाकों में सफाई कराता है, जहां नेताओं और अधिकारियों के आवास हैं. जबकि आम जनता वाले मोहल्लों में कचरा हटाने कोई नहीं आता. फजल कॉलोनी के रहवासी शकील अहमद ने कहा नगर निगम का दावा है कि पूरा क्षेत्र साफ-सुथरा है, लेकिन हमारी गलियां इस दावे को झूठा साबित कर रही हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई की मांग की है ताकि इलाके में स्वच्छता बनी रहे और संक्रमण का खतरा न बढ़े. लोगों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं कराई गयी तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे.



