जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन को मंगलवार को मंजूरी दे दी गयी. मंगलवार को हुई एक मीटिंग के दौरान 26 नवंबर और फिर 28 नवंबर को संविधान संशोधन को लेकर हुई मीटिंग के बाद फाइनल संविधान संशोधन के ड्राफ्ट को पढ़कर सुनाया गया. इसमें 90 फीसदी कमेटी मेंबर शामिल हुए. महासचिव सतीश सिंह ने अपने सारे मिनट्स को पढ़कर सुनाया और कमेटी मीटिंग में पारित करने के लिए कमेटी मेंबरों से अपील की. इसके बाद सभी कमेटी मेंबरों और पदाधिकारियों ने हाथ उठाकर संविधान संशोधन को मंजूरी दे दी. इसके तहत तय किया गया है कि टाटा वर्कर्स यूनियन के वर्तमान के कुल 214 कमेटी मेंबर के सीट को घटाकर 160 किया जायेगा. इसमें यह प्रावधान जोड़ा गया है कि जब चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होगा, उस समय जितने सदस्य यूनियन के होंपगे, उसको 50 से भागा देकर (डिवाइड कर) जो सीट बनेगा, उस पर चुनाव होगा. हालांकि, यह तय किया गया है कि किसी भी हाल में 160 से कम सीट नहीं होगी. (नीचे भी पढे़ं)

कुल 54 सीटों को घटाने को मंजूरी दी गयी. वर्तमान में यूनियन में बाहरी लोग या गैर कर्मचारी या कर्मचारी या रिटायर्ड कर्मचारी कोई भी यूनियन का चुनाव लड़ सकता था यानी उसका को-ऑप्सन हो सकता था. इस नियम को भी बदला गया है. इसके तहत तय किया गया है कि टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनाव वहीं लड़ सकता है, जो कर्मचारी होंगे और को-ऑप्सन उसका ही होगा, जो कर्मचारी होंगे या पूर्व कर्मचारी (रिटायर्ड समेत अन्य) होंगे. इसके अलावा आइआर लेबर कोड 2020 के अनुसार जो भी बदलाव होगा, उसको स्वत: संविधान में जोड़ा जायेगा. नये संविधान में यह भी जोड़ा गया है कि किसी भी हाल में पदाधिकारी का चुनाव के समय फार्म का रिजेक्शन नहीं होगा यानी गलत फार्म भरने वाले का नामांकन रद्द नहीं होगा. वहीं, पदाधिकारी के चुनाव को लेकर चार प्रोपोजर और चार सेकेंडर और कमेटी मेंबर के चुनाव में तीन प्रोपोजर और तीन सेकेंडर ही चाहिए होगा. यह संख्या पहले अधिक थी. वहीं, 6 माह के भीतर किसी भी खाली सीट पर उपचुनाव कराया जायेगा. इसके अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन फेडरेशन का रुप लेगा. फेडरेशन के अधीन देश भर की टाटा स्टील की सारी यूनियन काम करेगा यानी एक अभिभावक यूनियन के तौर पर टाटा वर्कर्स यूनियन होगा. इस संविधान संशोधन को तत्काल मंजूरी दे दी गयी. अब यूनियन की आमसभा (एजीएम) में इसको ले जाया जायेगा, जिसके बाद संविधान संशोधन होगी. संविधान संशोधन नये कार्यकाल से लागू होगी.














