जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना में रविवार की रात दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया. विवाद से आक्रोशित एक पक्ष के लोगों ने मानगो थाना पहुंचकर न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि थाने पर हमला बोलते हुए जमकर तोड़फोड़ की. इस घटना से पूरे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

मामले की शिकायत दर्ज कराने जब एक पक्ष मानगो थाना पहुंचा, तभी बड़ी संख्या में दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए. देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और आक्रोशित लोगों ने थाना परिसर में लगे फर्नीचर, कुर्सी-टेबल और अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया. कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है. घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया. तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

सिटी पुलिस, रिजर्व गार्ड और आसपास के थानों से भारी संख्या में जवानों को मानगो थाना क्षेत्र में तैनात किया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. पुलिस बल की मौजूदगी के बाद उपद्रवियों को खदेड़ा गया और हालात पर काबू पाया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. थाना परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके. (नीचे देखे पूरी खबर)
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. एहतियातन मानगो थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. मामले की जांच जारी है.











