
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्ष थाना के अंदर ही आपस में भिड़ गए. दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए थाना परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बीच-बचाव के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं. मारपीट के दौरान थाना परिसर में रखी कुर्सियां टूट गईं, महत्वपूर्ण फाइलें बिखर गईं और फाइल स्टैंड को भी नुकसान पहुंचा. हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. (नीचे देखे पूरी खबर)

बाद में क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को बुलाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों को अलग कराया जा सका. घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर 1 भोला प्रसाद मानगो थाना पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है. जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8.30 बजे मानगो रोड नंबर 1 पर कार की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. सड़क पर हुई झड़प में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए. इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने मानगो थाना पहुंचे, जहां एक बार फिर विवाद हो गया और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया. (नीचे देखे पूरी खबर)
मानगो रोड नंबर 1 निवासी रहमत खान उर्फ अन्न के बेटे साद सईद खान ने आरोप लगाया है कि कार टकराने के बाद सायान अहमद ने अपने साथियों अंजू और सरफराज के साथ मिलकर उन पर हमला किया. आरोप है कि उस्तरा से किए गए हमले में सैफ अली और अमीर आलम घायल हो गए. वहीं, दूसरे पक्ष से सायान अहमद के चाचा मुख्तार अहमद का कहना है कि सायान अपने साथियों के साथ कार से जा रहा था, तभी रहमत खान और उनके बेटे आराफ सईद खान समेत अन्य लोगों ने कार पर पथराव कर दिया. इस घटना में संजू को गंभीर चोटें आईं. इसके बाद सायान शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचा था, जहां दोबारा उसके साथ मारपीट की गई. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच अस्पताल संचालन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है, जो इस घटना के दौरान फिर से सामने आ गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



