जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित उतक्रमित मध्य विद्यालय के पास रविवार को पुलिस ने एक कमरे में छापेमारी कर चार युवकों और दो युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान एक युवक के पास से अवैध असलहा भी बरामद किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक इलाके में एक कमरा किराए पर लेकर बाहर से युवतियों को बुलाते थे और वहां अवैध गतिविधियों को अंजाम देते थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

रविवार को भी कमरे के अंदर ऐसी ही गतिविधियां चल रही थीं. इस दौरान आसपास के लोगों को संदिग्ध हलचल की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कमरे में छापेमारी कर सभी को पकड़ लिया. तलाशी के क्रम में शंकोसाई रोड नंबर पांच निवासी अंकित शर्मा के पास से एक असलहा बरामद किया गया. पुलिस का कहना है कि अंकित शर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चार से पांच मामलों में जेल जा चुका है. उसके साथ पकड़े गए अन्य युवकों में अनिल भी शामिल है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनिल राम जमीन दलाली का काम करता है और साथ ही बाहर से युवतियों को बुलाने में उसकी सक्रिय भूमिका रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)
वह अन्य युवकों को कमरे में बुलाने और पूरी व्यवस्था संभालने का काम करता था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा मामला अनैतिक गतिविधियों और अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद असलहा का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और उसका स्रोत क्या है. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में रखा है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.











