ढाका : बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का एक और मामला सामने आया है. दिसंबर में युवा नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद शुरू हुई हिंसा में बुधवार को एक और हिंदू युवक पर हमले का चौथा मामला सामने आया है. बुधवार रात को हिंदू व्यापारी को कुछ लोगों के झुंड ने जिंदा जलाने की कोशिश की. हमले का शिकार हुए शख्स की पहचान खोकन चंद्र के रूप में की गई है, जिसने घटना के दौरान एक तालाब में कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई.
रिपोर्ट के मुताबिक, 31 दिसंबर की शाम 40 वर्षीय खोकन रात नौ बजे के करीब केरभंगा बाजार में अपनी फार्मेसी की दुकान बंद कर घर लौट रहा था. इसी दौरान जब वह तिलोई इलाके में पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसे रोका और उस पर हमला कर दिया. मारपीट के बाद उसको जिंदा जलाने की कोशिश की गई. हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया कि बदमाशों ने खोकन को रोकने के बाद उस पर चाकुओं से हमला कर दिया. बदमाशों ने चाकू मारने के बाद उसके शरीर पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी. इसी दौरान खोकन जब अपनी जान बचाने के लिए भागा तो पास स्थित एक तालाब उसके लिए बड़ी राहत बन गया. वह तालाब में कूद गया, जिससे आग बुझ गई. बाद में स्थानीय लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकाला.















