जमशेदपुर : टाटा स्टील में नये साल के स्वागत में कई स्थानों पर केक काटकर नये साल का स्वागत किया गया. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने पहला केक जीएम वर्क्स लॉन में काटा. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के साथ केक काटा और सभी को नये साल की बधाई दी. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कंपनी के समक्ष की चुनौतियों के बारे में बताया और कहा कि आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)

वैश्विक स्तर पर चीन की डंपिंग ने निर्यात के बाजार को खराब कर दिया है. देश में स्टील की कीमत को नियंत्रित किया जा रहा है. लेकिन कंपनी नयी चुनौतियों को लेकर जरूर अहम कदम उठा रही है. इसका बेहतर परिणाम सामने आयेगा. वहीं, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि भारत ही नहीं बल्कि दुनिया में टाटा स्टील या टाटा समूह जैसा कोई समूह या कंपनी नहीं होगा, जिसमें इंडस्ट्रियल रिलेशन इतना अच्छा होगा. जहां कंपनी का इतिहास रहा है कि यहां के चेयरमैन की पत्नी ने अपने गहना को गिरवीं रखकर कर्मचारियों का वेतन दिया है तो कोविड में अपनी जान की परवाह किये बगैर कर्मचारियों ने कंपनी के उत्पादन और प्लांट को सुचारु रुप से संचालित रखा है. (नीचे भी पढ़े)

दोनों के अनोनाश्रय संबंधो के कारण टाटा स्टील आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया की ब्रांड बन चुकी है. ऐसे में टाटा स्टील में और बेहतर करने के लिए कर्मचारियों और प्रबंधन को मिलकर काम करना होगा. इस मौके पर टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौता के पेंडिंग होने को भी इस मंच से अध्यक्ष ने याद कराया और कहा कि कर्मचारियों का वेज रिवीजन समझौता एक जनवरी 2025 से लंबित हो चुकी है. ऐसे में कर्मचारी चाहते है कि बेहतर समझौता हो. इस दिशा में हम लोगों को तेजी से कदम उठाना होगा ताकि बेहतर समझौता हो सके. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने इपीएस 95 दिलाने के लिए भरे मंच से इपीएफओ कमीश्नर उपेंद्र प्रताप सिंह की तारीफ की और कहा कि उनके कारण ही यह संभव हो पाया नहीं तो मामला कोर्ट कचहरी तक जाता. उनके ही प्रयासों से यह संभव हो पाया है.















