जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने नये साल के मौके पर जमशेदपुर में शहरवासियों के साथ केक काटकर नये साल का स्वागत किया. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने वीपी कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम और पूर्व डिप्टी एमडी डॉ टी मुखर्जी के साथ केक काटकर नये साल का स्वागत किया. इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि टाटा स्टील लगातार चुनौतियों से जूझ रहा है. चीन के कारण एक्सपोर्ट का बाजार खराब हो चुका है. लेकिन कर्मचारियों के सहयोग से लगातार कंपनी काम कर रही है. इसके तहत कंपनी विस्तारीकरण पर काम कर रही है. टाटा स्टील का मेन प्लांट का विस्तार तो नहीं होगा, लेकिन कंपनी में लगातार विकास की योजनाएं चल रही है. इसके तहत वैल्यू एडिशन के लिए कांबी मिल की स्थापना हो चुकी है, जिस पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये का खर्च आ रहा है. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, टिनप्लेट के विस्तारीकरण का भी काम चल रहा है, जिस पर 2 हजार करोड़ रुपये खर्च होगा. वहीं, टाटा ब्लूस्कोप पूरी तरह अब टाटा स्टील का हो चुका है, जिसके जरिये वैल्यू एडिशन होगा. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील आने वाले दिनों में भविष्य को लेकर तैयार हो रहा है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे लोग भी शहर को सुरक्षित बनाने और बेहतर बनाने में टाटा स्टील की मदद करें और साथ मिलकर इस शहर को भी आगे ले जाना है. इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने कहा कि टाटा स्टील ऊंचाईयों को छू रहा है तो जमशेदपुर और आम नागरिकों के जीवनस्तर को भी ऊंचा उठा रहा है. इसके तहत कर्मचारियों के सामाजिक इंगेजमेंट को बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है. अभी प्रति कर्मचारी 4.50 घंटा अपना समाज के उत्थान में योगदान दे रहा है, जिसको 6 से 7 घंटे किया जाना है. वहीं, टाटा स्टील नये विजन के साथ काम कर रही है और आने वाले दिनों में जमशेदपुर ही नहीं पूरे देश और दुनिया में फैले प्लांट के एरिया में करीब 10 मिलियन लोगों तक टाटा स्टील का कम्यूनिटी सेवाओं को पहुंचायेंगे ताकि समाज का उत्थान हो सके.















