रामगोपाल जेना चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम जिला के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि पार्टी नेतृत्व द्वारा जिले के दो वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नेताओं मधु कोड़ा एवं गीता कोड़ा को एक साथ भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है. यह सम्मान उनके दीर्घ राजनीतिक अनुभव, संघर्षशील जीवन, संगठनात्मक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है.इस महत्वपूर्ण मनोनयन से न केवल पश्चिमी सिंहभूम बल्कि पूरे झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है. जिले के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है. इसी क्रम में, केंद्रीय पर्यवेक्षक सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव की उपस्थिति में आदित्य साहू का निर्विरोध रूप से झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयन किया गया. (नीचे भी पढ़े)
राज्यसभा सांसद के रूप में सफल जनसेवा के उपरांत अब संगठन के इस शीर्ष दायित्व पर आसीन होकर उनके नेतृत्व से झारखंड भाजपा को नई दिशा और नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा जताई जा रही है.इस अवसर पर रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं. यह दृश्य संगठन की एकजुटता, सामूहिक नेतृत्व और आपसी समन्वय का सशक्त संदेश देता नजर आया.भारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू, राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद सदस्य मधु कोड़ा एवं श्रीमती गीता कोड़ा सहित सभी नवमनोनीत प्रदेश प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं.जिला कमेटी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सभी नेताओं के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे झारखंड में संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा जनसेवा और विकास के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाएगी.











