जमशेदपुर : झारखंड के राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. संजीव सिन्हा ने कहा कि आदित्य साहू के बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का राजनीतिक सफर उनके समर्पण, संगठन निष्ठा और संघर्ष का प्रमाण है. उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और सार्वजनिक जीवन का लाभ निश्चित रूप से पार्टी को मिलेगा और झारखंड में भाजपा जनसेवा के कार्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि आदित्य साहू का सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाता है, वहीं उनका सशक्त सांगठनिक कौशल पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा एवं कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार करेगा. जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने विश्वास जताया कि आदित्य साहू के कुशल नेतृत्व में पार्टी झारखंड में जोरदार वापसी करेगी. दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बुधवार को राँची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने सौजन्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर दिनेश कुमार ने आदित्य साहू को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. दिनेश कुमार ने कहा कि आदित्य साहू का कार्यकाल उल्लेखनीय रहेगा. उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा. इस मौके पर जमशेदपुर महानगर भाजपा के कार्यकर्ता अशोक सामन्ता, अंकित आनंद, धनेश्वर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी रांची पहुंचे. सभी ने आदित्य साहू के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.











