सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के टुईलुंग उर्फ शहरबेड़ा गांव में तीन माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को मृतका के पति और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. यह कार्रवाई थाना प्रभारी की सक्रियता सतत निगरानी और संवेदनशील दृष्टिकोण का परिणाम मानी जा रही है. घटना के बाद मायके पक्ष द्वारा दी गई लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. प्रारंभिक पड़ताल में पारिवारिक विवाद दहेज प्रताड़ना और मारपीट के संकेत सामने आए. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की चिकित्सकीय रिपोर्ट का अध्ययन किया तथा तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए. उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें हिरासत में लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए मृतका के पति अशोक प्रामणिक उम्र तीस वर्ष एवं देवर दीपक प्रामणिक उम्र सत्ताईस वर्ष को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गिरफ्तारी के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोगों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ा है. जेल भेजे जाने के दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कोई भी दोषी गैरकानूनी कार्य कर बच नहीं सकता. भले ही पूरे मामले की तह तक पहुंचने में समय लगे लेकिन दोषियों पर कानून का शिकंजा कसना तय है. उन्होंने यह भी कहा कि महिला अपराधों में पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति अपनाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ते हुए गहन जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य तथा कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की सूचना छिपाएं नहीं और जांच में सहयोग करें ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में वातावरण रह सके.



