जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईगुडू कावेरी रोड स्थित करमू चौक पर बुधवार रात सिगरेट पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौक के पास खड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ती चली गई. विवाद इतना बढ़ा कि कुछ युवक हाथों में चापड़ लेकर मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास की दुकानें बंद होने लगीं और राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे और अक्सर मिलते-जुलते रहते थे, लेकिन उस रात छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया. हथियार लहराए जाने से इलाके में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए पूरा चौक ठहर सा गया. स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया और स्थिति को संभालने की कोशिश की. इसी बीच सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही हमलावर युवक घटनास्थल से फरार हो गए. पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया और भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य कराया. घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि देर रात तक हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ गए. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. बावजूद इसके, पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.











