गुमला: रांची- गुमला मुख्य मार्ग स्थित गुमला जिले के भरनो थाना अंतर्गत भड़गांव में गुरुवार की सुबह एनएच -23 पर एक सड़क हादसे में रांची के चार कारोबारियों की मौत हो गयी, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद भरनो पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायलो को पास के सिसई रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन लोगों को रिम्स रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को लेकर फरार हो गया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस मामले की जांच करने में जुट गयी है. इस घटना के संबंध में बताया जाता है कि रांची के तिलकुट कारोबारी गुमला माल बेचने के लिए पिकअप वैन पर सवार होकर जा रहे थे. इस दौरान रांची- गुमला एनएच स्थित भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास एक अज्ञात हाईवा वाहन ने टाटा मैजिक पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.



