जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में व्याप्त नियमितताओं और जन समस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड की जमशेदपुर महानगर इकाई की ओर से विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. धरना का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने मानगो क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए राज्य के सीएम हेमंत सोरेन पर गंभीर आरोप लगाए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है. नगर निगम के सभी 36 वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं क्षेत्र वासियों को प्रदान नहीं की जा रही हैं. इस भ्रष्टाचार के लिए जिला अध्यक्ष ने झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जदयू के विपक्ष में होने के कारण मंत्रिमंडल के इशारे पर जन सुविधा पर रोक लगा रही है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इन समस्याओं का निदान नहीं होता है तो जदयू नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी करने पर मजबूर होगी, जिसकी जिम्मेदारी हेमंत सरकार की होगी.



