जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना क्षेत्र में आम के एक बगीचे में आग लगाकर पेड़-पौधों को नष्ट करने का मामला सामने आया है. घटना सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गयी और पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. इस संबंध में कोवाली के मजगांव निवासी पोल्टू मंडल ने अनुप मंडल, महितोष मंडल और जयंत मंडल के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित पोल्टू मंडल के अनुसार यह घटना 10 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे के आसपास की है. देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनके आम के बगीचे में आग लगी हुई है. खबर मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि बगीचे के कई पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो चुके थे. आग से बगीचे को भारी नुकसान पहुंचा है. किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई आम के पेड़ पूरी तरह झुलस चुके थे. (नीचे भी पढे़ं)
घटना के बाद पोल्टू मंडल सीधे कोवाली थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया है कि जिन तीन लोगों को नामजद किया गया है, उनसे उनका पूर्व से ही विवाद चल रहा है. इसी पुराने विवाद के कारण उन्होंने साजिश के तहत उनके आम के बगीचे में आग लगाई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है. किसान वर्ग में चिंता है कि आपसी रंजिश के चलते इस तरह की वारदातें भविष्य में और नुकसान पहुंचा सकती हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











