जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के कालीमाटी–टूइलाडुंगरी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. यह दुर्घटना एक ट्रक चालक की सूझबूझ से टल सकी, जिससे कई लोगों की जान बच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के आगे एक कार चल रही थी. अचानक कार चालक ने बिना किसी संकेत के तेज ब्रेक लगा दिया. इससे पीछे चल रहा ट्रक असंतुलित हो गया और चालक का नियंत्रण वाहन से लगभग छूट गया. स्थिति को भांपते हुए ट्रक चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क के डिवाइडर की ओर मोड़ दिया, जिससे सामने चल रही कार से सीधी टक्कर होने से बच गयी. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, ट्रक के डिवाइडर से टकराने के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. इस बीच पीछे से हादसा होते देख कार चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि कार में चालक के अलावा कई यात्री भी सवार थे. ट्रक चालक का नाम रंजीत सिंह बताया जा रहा है, जिनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को डिवाइडर से हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराने में जुट गयी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.











