जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर दो निवासी मोहम्मद रियाज ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने बेटे मोहम्मद तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता आफताब खान उर्फ बिल्ली की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने एसपी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और न्याय की गुहार लगाई. रियाज का कहना है कि विगत 20 नवंबर 2025 को इमामबाड़ा के पास उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है. (नीचे भी पढ़ें)
रियाज ने बताया कि इस हत्याकांड में पुलिस ने विजय पांडे, सद्दाम खान, मसूद इकबाल, विपुल यादव और शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हालांकि, पूरे मामले का मास्टरमाइंड आफताब खान उर्फ बिल्ली अब भी खुलेआम घूम रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की पूरी सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास उपलब्ध है, जिसमें साजिश और वारदात की कड़ियां स्पष्ट रूप से दिखती हैं. इसके बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाना कई सवाल खड़े करता है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित पिता का कहना है कि आफताब की गिरफ्तारी न होने से उनके परिवार की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है. वे और उनके परिजन भय के साए में जीवन जीने को मजबूर हैं. रियाज ने आशंका जताई कि साजिशकर्ता किसी भी समय उन्हें या उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है, ताकि मामले में सच्चाई सामने न आ सके। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की भी मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
एसपी को दिए गए आवेदन में रियाज ने मांग की है कि हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि उनके बेटे को न्याय मिल सके और आम लोगों का पुलिस पर विश्वास बना रहे. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्च अधिकारियों और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे.











