जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार की अहले सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में एक करोड़ के ईनामी नक्सली समेत एक दर्जन नक्सली के मारे जाने की सूचना है. इस मुठभेड़ की पुष्टि कोल्हान के डीआइजी अनुरंजनन किसपोट्टा ने की है. उन्होंने बताया है कि सारंडा जंगल के छोटानागरा क्षेत्र में यह घटना घटी है. सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की ओर से पूरे सारंडा क्षेत्र की घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी बीच छोटानागरा के पास पुलिस पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
इस फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई पुलिस ने की, जिसमें एक दर्जन नक्सली मारे गये. पुलिस जंगलों में घुसी हुई है और शवों को लाने की तैयारी की जा रही है. इस बीच पुलिस की टीम ने चारो ओर से सारंडा को घेरा है ताकि बचे हुए और नक्सलियों को मारा जा सके. खुद डीजीपी तदाशा मिश्रा वहां जाने वाली है ताकि पूरे ऑपरेशन को खुद लीड कर सके. सारंडा में पहले भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होती रही है. इसको लेकर पूरे राज्य से पुलिस फोर्स को भेजा जा रहा है ताकि नक्सलियों का सुपड़ा साफ किया जा सके.




