जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के जानेगोड़ा गांव में बुधवार को एक एलआइसी एजेंट के घर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा कपड़ा, नकद रुपये, जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए. घटना के समय घर के सदस्य बाहर गये बताए जा रहे हैं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है.

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की सूचना तुरत दमकल विभाग को दी गई, बावजूद इसके दमकल की गाड़ी काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची. इस दौरान ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका. बाद में दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग को नियंत्रित किया.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और पीड़ित परिवार इस हादसे के बाद सदमे में है.




