जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में शुक्रवार को बसंत पंचमी सरस्वती पूजा के दौरान कुछ ऐसा हो गया कि सारा उत्साह गम में तब्दील हो गया. टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में सुबह करीब 10 बजे सरस्वती पूजा हो रही थी. यूनियन द्वारा संचालित माइकल जॉन सेंटर के प्रभारी और टाटा स्टील के पूर्व सीनियर मैनेजर जयदेव उपाध्याय पूजा में शामिल थे. पूजा करने के दौरान ही अचानक उनके सीने में दर्द उठ गया. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. सभी साथी उनको लेकर टीएमएच पहुंचे. टीएमएच में चिकित्सकों को वह अपना दर्द बता रहे थे. चिकित्सक उनका इलाज कर ही रहे थे कि अचानक वे बेहोश हो गये. उनको सीपीआर एक घंटे तक दिया गया, लेकिन चिकित्सकों ने देखा कि उनकी जान जा चुकी है. इसके बाद उनको मृत घोषित कर दिया. वे करीब 71 साल के थे. (नीचे भी पढ़ें)
चुटकियों में ही यह घटना हो गयी, जिसके बाद पूजा का समारोह गम में तब्दील हो गया. इस घटना से सारे लोग मर्माहत है. घटना की सूचना के बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम समेत तमाम पदाधिकारी पहुंचे. परिजनों को सूचना दी गयी. इसके बाद परिवार को सदमा लगा और सारे लोग रोने लगे. परिजनों को किसी तरह संभाला गया. बताया जाता है कि जयदेव उपाध्याय को सुबह से ही सीने में दर्द था. अपनी पत्नी को वे बोले कि जाते है पूजा करके लौटते है तो फिर डॉक्टर को दिखा लेंगे. लेकिन उनकी यह लापरवाही भारी पड़ी और उनकी जान चली गयी. जयदेव उपाध्याय मानव संसाधन (एचआर) के जानकार रहे है और वे टाटा स्टील में कई वर्षों तक एचआरएम में ही सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर हुए. इसके बाद टाटा वर्कर्स यूनियन ने उनको माइकल जॉन सेंटर का प्रभारी बनाया. करीब 10 साल से वे इस पद पर रहे है. उनके निधन से शोक का माहौल है.




