रामगोपाल जेना
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में एक बार फिर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी है. ताजा मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की पुष्टि हुई है. यह घटना छोटानागरा थानाक्षेत्र के कुमडीह गांव के पास जंगल में सामने आई. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हुए मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शव को शुक्रवार को जंगल से बाहर निकाले जाने के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक नक्सली मारा गया. (नीचे भी पढे़ं)
मामले की पुष्टि करते हुए चाईबासा एसपी अमित रेणु ने बताया कि शुक्रवार की मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की सूचना है और इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है. सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त बलों को भी अलर्ट पर रखा गया है. इधर, दोबारा मुठभेड़ शुरू होने के कारण झारखंड के डीजीपी का प्रस्तावित चाईबासा दौरा भी स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे हुए भीषण मुठभेड़ में 2.35 करोड़ के इनामी अनल पांच महिला माओवादी सहित 15 नक्सली मारे गये थे. मुठभेड़ का सिलसिला शाम तक जारी था.




