जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित वर्षा ज्वैलरी दुकान से जुड़ा एक मामला शुक्रवार को सामने आया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों और कुछ महिला ग्राहकों ने दुकान संचालक पर गहने हड़पने का आरोप लगाया है. आरोप है कि वर्षा ज्वैलरी पिछले करीब छह महीनों से बंद पड़ी थी. शुक्रवार को अचानक दुकान खुली तो आसपास के लोगों का ध्यान गया. लोगों के मुताबिक दुकान संचालक अंदर से सामान खाली करने में जुटा हुआ था और जल्दबाजी में दुकान समेटने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान कुछ महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और अपने-अपने सोने के गहने वापस करने की मांग करने लगीं. महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कुछ महीने पहले दुकान पर सोने के गहने ठीक कराने और मरम्मत के लिए दिए थे. इसके बाद दुकान बंद हो गई और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

महिलाओं का आरोप है कि शुक्रवार को जब उन्हें पता चला कि दुकान संचालक गुपचुप तरीके से दुकान खाली कर रहा है, तो वे तुरंत वहां पहुंचीं. आरोप है कि दुकानदार ने गहने लौटाने से साफ इनकार कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया. वहीं दुकान संचालक ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उसका कहना है कि उसने अपने सभी ग्राहकों के गहने पहले ही वापस कर दिए हैं और किसी का भी जेवर उसके पास नहीं है. उसने महिलाओं के आरोपों को निराधार बताया है. मामले की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दुकान संचालक को पूछताछ के लिए थाना ले जाया है. थाना प्रभारी के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस ग्राहकों के दावों, रसीदों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला ठगी का है या आपसी विवाद का. इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.




