जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के उड़नदस्ते ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. शुक्रवार को टीम ने स्टेशन परिसर से एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद चांद के रूप में हुई है. आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने दो दिन पहले टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का पर्स की चोरी की थी. चोरी गए पर्स में 17 हजार रुपये नकद और यात्री का आधार कार्ड मौजूद था. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ का उड़नदस्ता सक्रिय हो गया और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी अक्सर स्टेशन और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहता है. इसी क्रम में जैसे ही मोहम्मद चांद शुक्रवार को दोबारा टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा, आरपीएफ की टीम ने उसकी पहचान कर घेराबंदी की और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मो चांद कोई नया अपराधी नहीं है. उसके खिलाफ पहले भी यात्रियों के सामान चोरी के आरोप में टाटानगर रेल थाना और जुगसलाई थाना में दो अलग-अलग केस दर्ज हैं. इन मामलों में उसे जेल की सजा भी भुगतनी पड़ चुकी है, बावजूद इसके वह फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना के सुपुर्द कर दिया है. रेल थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है. इस मामले के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या रेल पुलिस को दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.





