जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड निवासी उमाकांत सिंह के घर के किरायेदार अखिलेश्वर दुबे के आवास पर शनिवार चोरी की एक बड़ी कोशिश को स्थानीय लोगों ने नाकाम कर दिया. सुबह करीब 7:30 बजे प्लंबर बनकर पहुंचे दो युवकों को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने पहले उनकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जाता है कि अखिलेश्वर दुबे शुक्रवार को ही सासाराम गए हुए थे. इसी का फायदा उठाते हुए दो युवक प्लंबर का भेष धारण कर घर में दाखिल हुए. आरोप है कि उन्होंने घर के तीन से चार कमरों का ताला तोड़ दिया और अलमारी समेत अन्य स्थानों में रखे कीमती सामान समेटकर फरार होने लगे. इसी दौरान पड़ोसियों को गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद लोगों ने शोर मचाया और दोनों को घेरकर पकड़ लिया. पकड़े गए युवकों की पहचान ऋषभ और धीरज कुमार के रूप में हुई है. वहीं उन्हें पकड़ने में अतुल मिश्रा ने सहयोग किया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया है. साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी भी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल देखा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह प्लंबर बनकर चोरी की घटना होना पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की. हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से बचती नजर आई. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक बयान दिया जाएगा. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.





