जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दाईगुट्टू फॉरेस्ट लाइन इलाके में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से नकद 250 रुपये और 15 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मानगो थाना की टीम ने शुक्रवार रात दाईगुट्टू फॉरेस्ट लाइन में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में मौजूद थे. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को मौके से दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा. गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती निवासी आसिफ अख्तर उर्फ शिबू बच्चा के रूप में की गई है. वहीं फरार आरोपी की पहचान दाईगुट्टू निवासी रोहित सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से बरामद ब्राउन शुगर और नकदी को जब्त कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के संबंध में मानगो थाने में पदस्थापित एसआई अमित कुमार के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आसिफ अख्तर को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी रोहित सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस सख्ती से अभियान चला रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.




