धनबाद: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह और राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर रविवार को धनबाद में एक खास नजारा देखने को मिला. रणधीर वर्मा चौक से गोल बिल्डिंग तक झारखंड की अब तक की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला बनाई गई. इसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, रेलवे, आईआईटी आईएसएम और सिविल सोसाइटी के लोग मिलाकर 12 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए.कार्यक्रम को लेकर पीके रॉय कॉलेज के सामने बड़ा मंच बनाया गया था. पूरे रूट पर लाउडस्पीकर से लोगों को लगातार दिशा-निर्देश दिये जा रहे थे. समापन से पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने लोगों को सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरूकता की शपथ दिलायी. इस दौरान नये मतदाताओं को ईपिक कार्ड दिये गए और अच्छा काम करने वाले बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया.उपायुक्त आदित्य रंजन ने मानव श्रृंखला में शामिल लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या कई बड़ी बीमारियों से भी ज्यादा हो गयी है.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि धनबाद माइनिंग क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है. शहर के अंदर झारखंड का इकलौता डेडिकेटेड आठ लेन रोड भी है, जिससे ओवरस्पीडिंग बढ़ती है और हादसे होते हैं. उन्होंने साफ कहा कि जितने जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, उतनी कम दुर्घटनाएं होंगी. ड्रिंक एंड ड्राइव और खराब रोशनी भी हादसों की बड़ी वजह है, जिसे रोकने के लिए प्रशासन कदम उठा रहा है.राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने लोगों से आने वाले नगर निगम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की. खासकर शहरी वोटरों से उन्होंने आगे आने और अच्छे उम्मीदवार चुनने को कहा, ताकि धनबाद एक सुंदर, स्वच्छ और बेहतर शहर बन सके. उन्होंने यह भी बताया कि शहर में जगह-जगह क्यूआर कोड स्कैनर लगाए जाएंगे. नागरिक अपनी समस्या स्कैन कर सीधे अपलोड कर सकेंगे, जिस पर रिस्पांस टीम तुरंत काम करेगी.पूर्व मध्य रेल के डीआरएम अखिलेश मिश्र ने रेलवे ट्रैक पार करते समय हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने लोगों से रेलवे क्रॉसिंग के पास खास सतर्कता बरतने की अपील की.कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस, रेलवे, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे. मानव श्रृंखला के जरिए धनबाद ने यह संदेश दिया कि सुरक्षित सड़क और जिम्मेदार वोटिंग ही बेहतर भविष्य की कुंजी है.




