जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना चौक स्थित डीभी रोड पर सोमवार की रात सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कुख्यात अपराधी के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली. बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक तिवारी उर्फ काणा एक नाश्ता दुकान में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा. गिरफ्तार अपराधी रामनगर शाखा मैदान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि जिला पुलिस प्रशासन ने उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पिछले माह ही उसे तड़ीपार किया था, इसके बावजूद वह जमशेदपुर में दाखिल हुआ था. पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपक तिवारी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से अपने गृह क्षेत्र बागबेड़ा पहुंचा था. सरस्वती पूजा विसर्जन को लेकर बड़ौदा घाट सहित आसपास के इलाकों में पुलिस पहले से मुस्तैद थी. इसी दौरान शाम करीब 8:30 बजे पुलिस ने फिल्मी अंदाज में उसे गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी द्वारा फायरिंग की भी सूचना है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. दीपक उर्फ काणा पर हत्या, फायरिंग और अवैध शराब कारोबार समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं. वर्ष 2021 में गांजा कारोबारी बबलू सिंह पर हुई फायरिंग में भी उसका नाम सामने आया था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.











