जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार कि रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हाता मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक के हाइवा से टकरा जाने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक तेज गति में थी और पीछे से सड़क पर खड़े अथवा धीमी गति से चल रहे हाइवा में जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजा, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद भीड़ बढ़ती देख हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और वाहन की पहचान के आधार पर चालक की तलाश तेज कर दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाता मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटवाया और आवागमन सामान्य कराया. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और नियमित जांच की मांग की है.




