बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना सामने आई है. थाना से महज एक किलोमीटर दूर बोड़ाम बाजार स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दो खस्सी (बकरी) की चोरी कर ली. इस घटना से पशुपालक संतोष महतो को 30 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. संतोष महतो ने बताया कि संबंधित घर में कुल आठ बकरियां थीं, जिनमें से केवल दो की चोरी हुई है. जानकारी के अनुसार, घटना को मंगलवार की रात साढ़े 10 बजे से लेकर देर रात 2 बजे के बीच अंजाम दिया गया. चोरी की सूचना संतोष महतो को रात 2 बजे के बाद मिली. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. अधिकांश मामलों में अब तक खुलासा नहीं होने या आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. हालांकि बोड़ाम पुलिस पूर्व में चोरी के कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवा वर्ग में बढ़ती नशाखोरी की वजह से अपराध बढ़ रहा है और इसमें किसी बाहरी गिरोह की भी संलिप्तता हो सकती है. लोगों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.














