जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर दस में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब पूजा के लिए जा रही एक महिला से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली. घटना दिनदहाड़े होने से इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पीड़िता अनिता चौधरी ने बताया कि वह सुबह अपने घर के पीछे स्थित गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. जब तक वह कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली. (नीचे भी पढ़ें)
वारदात इतनी तेजी से हुई कि उन्हें शोर मचाने का मौका तक नहीं मिला. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी फरार हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है.














