जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद के चुनाव में भाजपा समर्थित चेयरमैन उम्मीदवार रिंकू सिंह को इंदू देवी द्वारा समर्थन देने के मामले में कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है. कांग्रेस के जमशेदपुर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कार्रवाई करते हुए इंदू देवी के बेटे और कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है और आजीवन कांग्रेस की सदस्यता लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है. इसको लेकर जिला अध्यक्ष ने एक पत्र जारी करते हुए कहा है कि यह घोर धोखेबाजी का मामला है. (नीचे भी पढ़े)
इसका एक डोजियर तैयार हो रहा है. इसको जिला पर्यवेक्षक के माध्यम से प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा जायेगा. इसकी प्रतिलिपि प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी को प्रेषित कर दी गयी है. कांग्रेस ने पहले पुराने कांग्रेसी भोगेंद्र मिश्रा की बहू आरती चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाया था. इसके बाद जब आरती चौधरी का नामांकन रद्द हो गया, तब कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह की मां इंदू देवो को कांग्रेस का समर्थित उम्मीदवार घोषित कर दिया था. (नीचे भी पढ़े)
यह भी पढ़ें: jamshedpur rural- मानुषमुरिया पंचायत भवन के मरम्मत कार्य में अनियमितता की शिकायत, बीडीओ से संज्ञान लेने का आग्रह
इसके बाद उनका प्रचार करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार भी गये थे. लेकिन चुनाव के ठीक एक दिन पहले इंदू देवी ने अपना वीडियो संदेश जारी कर दिया और कहा कि वे भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह का समर्थन करती है और वे चुनाव में नहीं लड़ेंगी. इसके बाद जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कार्रवाई की है. अभिजीत सिंह को देखकर ही इंदू देवी को कांग्रेस का समर्थित उम्मीदवार बनाया गया था. (नीचे भी पढ़े)
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने अपने प्रेस रिलीज में बताया है कि अभिजीत सिंह को कांग्रेस पार्टी को धोखा देने, जुगसलाई नगर परिषद चेयरमैन के कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार इंदू देवी के द्वारा भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में बैठने का ऐलान को गंभीर विषय मानते हुए अभिजीत सिंह की भूमिका को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से संदिग्ध मानते हुए पूर्ण रुप से अनुशासनहीनता और घोर अनियमितता की श्रेणी में मानते हुए कांग्रेस पार्टी से अभिजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है और आजीवन कांग्रेस की सदस्यता से प्रतिबंधित की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
इस विषय को अभिजीत सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी के साथ भीषण धोखेबाजी माना जा रहा है. कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अब तक पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. मानगो नगर निगम के चुनाव में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस नेता जेबा खान, उनके पति कांग्रेस नेता फिरोज खान, कांग्रेस नेता सलीम खान और चुनाव लड़ने के लिए अपनी पत्नी को खड़ा कराने वाले जीतेंद्र सिंह को पार्टी से हटा चुकी है.














