जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत आना वाले मानगो नगर निगम की 3 करोड़, 62 लाख, 35 हजार, 250 रुपये की छह योजनाओं को स्वीकृति मिल गई है. इसकी जानकारी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में दी गई. बुधवार को विधानसभा में सरयू राय ने अपने तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मुद्दा उठाया और कहा कि इन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के लिए वह प्रयासरत थे. ये योजनाएं अप्रैल 2025 से लंबित थीं. उन्होंने कहा कि ये योजनाएं पिछले 10 महीनों से प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा में लंबित हैं, जबकि इन योजनाओं पर राज्य सरकार के खजाने से एक धेला भी खर्च नहीं होने वाला है. इनके लिए निधि मानगो नगर निगम के पास संरक्षित है. सरयू राय ने कहा कि इन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति हेतु अप्रैल 2025 से अबतक वह तीन बार विभागीय मंत्री एवं तीन बार विभागीय सचिव से सम्पर्क कर चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसा लगता है कि नगर विकास विभाग की कार्य-संस्कृति में कोई खोट है. अन्यथा किस कारण से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने में इतनी देर हुई? इन योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक साल पहले ही मिल चुकी है. इस पर विभागीय मंत्री ने सदन में उत्तर दिया कि इन छह योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति उन्होंने दे दी है. विभागीय स्वीकृत्यादेश संख्या- 136, दिनांक 24 फरवरी 2026 द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है. इस पर सरयू राय ने कहा कि यदि यह प्रश्न उन्होंने विधानसभा में नहीं उठाया होता तो शायद प्रशासनिक स्वीकृति देने में नगर विकास विभाग के स्तर से पता नहीं और कितना समय लगता. आज विधानसभा में प्रश्न आया और कल शाम को सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो नगर निगम क्षेत्र की वैसी योजनाएं, जिसको प्रशासनिक स्वीकृति मिली है, उसमें वार्ड नंबर 9 जवाहर नगर रोड नं.-6 कुटकुटडुंगरी में पप्पू दास के घर से उलिडीह खनका तक आर.सी.सी नाली निर्माण में 71,92,550 रुपये, वार्ड नं.-9 उलिडीह में मिथिलेश के घर से डिमना मेन रोड तक तथा अन्य क्रास रोड में आरसीसी नाली निर्माण को लेकर 35,55,600 रुपये, वार्ड नं.-9 सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी डिमना मेन रोड तक आर.सी.सी. नाली निर्माण का 71,45,500 रुपये, वार्ड नं.- 9 रामकृष्ण कालोनी से कंचन गैस एजेंसी तक आरसीसी नाली का निर्माण पर 68,72,250 रुपये, वार्ड नं.-10 मून सिटी के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम का निर्माण पर 28,13,450 रुपये और मानगो नगर निगम कार्यालय भवन के समीप जी 2 भवन का निर्माण पर 86,55,900 रुपये खर्च होगा. कुल काम 3,62,35,250 रुपये का होगा.














