रांची : झारखंड में पासपोर्ट बनाने की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. इसके तहत अब लगातार अप्वाइंटमेंट को बढ़ाया जा रहा है. हर कोई चाहता है कि पासपोर्ट बनायें, जिस कारण यहां सबसे ज्यादा डिमांड है. पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) रांची, पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, मेदिनीनगर, चाईबासा, गुमला, खूंटी, झुमरी तिलैया, गिरिडीह, देवघर, साहिबगंज, दुमका, गोड्डा तथा सिमरिया, जहां आवेदकों को पासपोर्ट आवेदन से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाती हैं. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा नागरिकों के लिए पूरे झारखंड में प्रतिदिन 1580 अपॉइंटमेंट जारी किये जाते हैं. पीएसके रांची में सामान्यतः अगले कार्य दिवस का अपॉइंटमेंट उपलब्ध रहता है एवं पीओपीएसके जमशेदपुर को छोड़कर बाकी सभी पीओपीएसके के लिए अगले दिन का अपॉइंटमेंट उपलब्ध है. (नीचे भी पढ़ें)
पीओपीएसके जमशेदपुर में अपॉइंटमेंट की उपलब्धता 15 से 20 दिनों के बाद की है और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची इस अपॉइंटमेंट उपलब्धता की अवधि को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है. वर्ष 2024 में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा कुल 1,12,844 पासपोर्ट जारी किये गये, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,30,404 हो गयी है. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवा प्रदान करने के सतत प्रयासों से पासपोर्ट जारी करने की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है. आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर पीओपीएसके केंद्र में भी रोजाना यहां पासपोर्ट बन रहा है. बिष्टुपुर डाकघर में करीब 100 अपवाइंटमेंट मिलता है.


















