सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है. युवक के अचानक गायब हो जाने से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है. इस संबंध में परिवार के लोगों ने सीनी ओपी में लिखित आवेदन देकर युवक की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है. मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुरूप, पोस्ट कुकरुहाट निवासी राकेश प्रधान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका भतीजा सुमित प्रधान सोमवार 9 मार्च की सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकला था. उस समय उसने गुलाबी रंग की शर्ट और काला चप्पल पहन रखा था. सुमित के पास सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी था. परिजनों के अनुसार वह साइकिल से घर से निकला था और कुछ देर में वापस लौटने की बात कहकर गया था. काफी समय तक सुमित के घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने आसपास के गांवों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. इसी दौरान तलाश करते हुए परिजनों को उसकी साइकिल महालीमुरूप रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के सामने खड़ी मिली. साइकिल मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई, क्योंकि युवक का कहीं कोई पता नहीं चल पाया. घटना के बाद से परिवार के लोग काफी परेशान हैं और लगातार युवक की तलाश में जुटे हुए हैं. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द युवक का पता लगाया जाए. वहीं पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठा रही है.







