जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदादा के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान दुर्गा हेंब्रम (16) निवासी हिस्कू गांव और मार्शल सोरेन (15) निवासी केडो गांव के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार दोनों किशोर हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान कुदादा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर बंधक भी बना लिया. सूचना मिलने के बाद सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



