जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित एक क्लिक में पथरी का ऑपरेशन में एक मरीज की मौत हो गयी. इस घटना के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया. इन लोगों ने आरोप लगाया कि चिकित्सीय लापरवाही के कारण इस तरह की घटना घटी है और मरीज की मौत हो गयी है. बताया जाता है कि पोटका के आसनबनी निवासी 50 वर्षीय पोरेस भगत को पथरी की शिकायत थी. उसके किडनी में स्टोन था. वह अपना ऑपरेशन कराने के लिए बाराद्वारी स्थित नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर गये. वहां वे चिकित्सक डॉ डीके मिश्रा से मिले. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को वे अस्पताल में भर्ती हुए और शुक्रवार की दोपहर में उनका ऑपरेशन किया गया. शनिवार को मरीज की हालत खराब होने लगी. सांस लेने में दिक्कतें होने लगी जबकि पेट भी फूलने लगा. इसके बाद उसको दूसरे अस्पताल ले जाने की जिद परिजन करने लगे, लेकिन चिकित्सकों ने आश्वासन दिया कि मरीज ठीक हो जायेगा. अंतत: शनिवार की देर रात को मरीज की मौत हो गयी. इसके बाद परिजन भड़क गये और हंगामा करने लगे. लोगों को समझाने का प्रयास किया गया. पुलिस की टीम पहुंची. इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने मामले में पुलिस की मौजूदगी में वार्ता की. इसके बाद मामला को शांत कराया गया.



