जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां प्रेम विवाह से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के घर पर हमला बोल दिया. घटना भुइयांडीह स्थित मुर्गा पाड़ा इलाके की बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार भुइयांडीह मुर्गा पाड़ा निवासी संजीत कुमार साहू (24 वर्ष) ने 14 मार्च को अपनी प्रेमिका कशिश कुमारी गुप्ता (21 वर्ष) के साथ सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद संजीत अपनी पत्नी को लेकर ह्यूमपाइप इंद्रा नगर स्थित अपने घर पहुंचा. जैसे ही इस विवाह की जानकारी लड़की के परिजनों को मिली, वे आक्रोशित हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

आरोप है कि उसी रात करीब 11:30 बजे लड़की पक्ष के करीब पांच लोग एकजुट होकर संजीत के घर पहुंच गए. हमलावरों ने लात से मार कर घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और जबरन घर के अंदर घुस गए. इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान हुई हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार कराया और पूरे मामले की जानकारी ली. पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है. वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.



